एमपी की सभी लोकसभा सीटों पर चार चरणों में होगा मतदान, जाने किस सीट पर कब होगी वोटिंग

एमपी की सभी लोकसभा सीटों पर चार चरणों में होगा मतदान, जाने किस सीट पर कब होगी वोटिंग

स्टोरी हाइलाइट्स

मध्य प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं। साल 2019 में हुए 17वें लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 28 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं कांग्रेस के खाते में एक सीट गई थी। इस बार एमपी की 29 सीटों पर चार चरणों में मतदान होने हैं।

भोपाल। लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 543 सीटों के लिए सात चरणों में मतदान होगा। मतदान की शुरुआत 19 अप्रैल से होगी और नतीजे 4 जून को आएंगे। मध्य प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं। साल 2019 में हुए 17वें लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 28 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं कांग्रेस के खाते में एक सीट गई थी। इस बार एमपी की 29 सीटों पर चार चरणों में मतदान होने हैं।


एमपी की इन सीटों पर 4 चरण में मतदान 

पहला चरण: 19 अप्रैल - 6 सीट

सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा


दूसरा चरण: 26 अप्रैल - 7 सीट

टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद, बैतूल


तीसरा चरण: 7 मई - 8 सीट

मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़


चौथा चरण: 13 मई - 8 सीट

देवास, उज्जैन, इंदौर, मंदसौर, रतलाम, धार, खरगोन, खंडवा


मध्यप्रदेश में इस बार 5 करोड़ 63 लाख 40 हजार 64 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इससे पहले 2023 के विधानसभा चुनाव में 5 करोड़ 60 लाख मतदाता थे, लेकिन 4 महीने में 3 लाख वोटर्स बढ़ चुके हैं। कुल वोटर्स में पुरुषों की संख्या 2 करोड़ 89 लाख 51 हजार 705 है। जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 73 लाख 87 हजार 122 है।


बतादें इस बार चुनावी तारीखों के ऐलान से पहले ही बीजेपी अपने सभी 29 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है। जबकि, कांग्रेस ने अभी तक सिर्फ 10 प्रत्याशियों के नामों की ही घोषणा की है।


पिछली बार भी चार चरणों में हुआ था चुनाव

लोकसभा चुनाव 2019 में देशभर में सात चरणों में वोटिंग हुई थी। वहीं मध्य प्रदेश के लिए चौथे, पांचवें, छठे और सातवें चरण में मतदान हुए थे। चौथे चरण के तहत राज्य में मतदान 29 अप्रैल, पांचवें चरण का 6 मई, छठे चरणा का 12 मई और सातवें चरणा का 19 मई को हुआ था। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को 58 फीसदी वेट शेयर मिले थे। वहीं कांग्रेस के खाते में 34.5 फीसदी वोट शेयर आए। मायावती की पार्टी तीसरे नंबर पर रही, बसपा को 2.4 फीसदी वोट मिले। लोकसभा चुनाव 2019 में एमपी के 0.93 फीसदी वोटरों ने नोटा बटन दबाया था। चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत हुई थी। 29 में से 28 सीटों पर भाजपा में कब्जा किया।